अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,18जुलाई 2026
जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच विकासखंड राजपुर के ग्राम मांकड़ और उफिया के बीच स्थित, निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
🟠प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लिया हालात का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार कावेरी मुखर्जी, डॉ. फिरोज, संबंधित पटवारी एवं प्रशासनिक अमला ग्राम मांकड़ पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
🟠राशन, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह उपलब्ध
प्रशासन के अनुसार ग्राम मांकड़ में पेयजल, राशन और आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था हैं। गांव से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अलखडीह और जिगड़ी उपस्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह सक्रिय हैं,जहां जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
🟠क्षतिग्रस्त पुल से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की हैं,कि वे लगातार बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त निर्माणाधीन पुल के, आसपास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने का आग्रह भी किया गया हैं।
🟠वर्षाजनित स्थिति पर प्रशासन की 24 घंटे नजर
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिलेभर में वर्षाजनित परिस्थितियों की लगातार निगरानी की जा रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया हैं,कि संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग अलर्ट मोड पर हैं,और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जाएंगे।











