न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,29जुलाई 2026
नाबालिग विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात,साइबर अपराधों से बचाव और नए आपराधिक कानूनों की, जानकारी देने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों ने स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर ठगी और भारतीय न्याय प्रणाली से जुड़े नए कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
🟠बिना लाइसेंस और हेलमेट वाहन चलाने पर दी चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से बताया,कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जानलेवा भी हो सकता हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और यातायात अनुशासन बनाए रखने की अपील की।पुलिस ने यह भी बताया, कि समझाइश के बावजूद यदि कोई नाबालिग वाहन चलाकर स्कूल आता हैं,तो उसके अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की जाएगी।
🟠इन स्कूलों में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के तहत पुलिस टीम ने हाई स्कूल दरिमा, हायर सेकेंडरी स्कूल रघुनाथपुर, हायर सेकेंडरी स्कूल सलका और हाई स्कूल सुंदरपुर मणिपुर सहित विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
🟠नए कानूनों और महिला सुरक्षा पर भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की प्रमुख जानकारियां दी गईं। साथ ही पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा, किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) और टोनही प्रताड़ना जैसे गंभीर विषयों पर भी जागरूक किया गया।
🟠साइबर ठगी और नशे से बचने की सीख
पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयर करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया और अनजान लोगों के साथ किसी भी प्रकार का वित्तीय लेनदेन करने से बचने की सलाह दी गई।
🟠अभिभावकों से भी की अपील
सरगुजा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की हैं,कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने के लिए वाहन उपलब्ध न कराएं। पुलिस ने कहा,कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनजागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












