अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026
ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और वीबी जी राम-जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर,बलरामपुर जिले में विकासखंड स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में वाड्रफनगर और राजपुर जनपद पंचायत के सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों को योजना के उद्देश्य, ग्राम पंचायतों की भूमिका, पारदर्शी कार्यप्रणाली, जनसहभागिता और ग्राम विकास की कार्ययोजना तैयार करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों ने बताया,कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित गांवों का निर्माण करना हैं।
कार्यशाला में जल संरक्षण,जल संवर्धन,प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास और आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही योजना के तहत पात्र श्रमिकों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था से भी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण में ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी, गुणवत्तापूर्ण कार्य, समयबद्ध क्रियान्वयन और सामाजिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उनसे अपने-अपने गांवों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को इससे जोड़ने की अपील की गई।












