न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, सूरजपुर पुलिस ने जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर एल्कोमीटर (ब्रेथ एनालाइज़र) से, वाहन चालकों की जांच की गई।अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें 3 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई हैं,और उनके विरुद्ध न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया जाएगा।जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने के गंभीर खतरे से अवगत कराया। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा,कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जिलेभर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। भविष्य में नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












