अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,11अगस्त2026
बलरामपुर और रामानुजगंज शहरों में बढ़ते यातायात दबाव से जल्द राहत मिलने की उम्मीद हैं। छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री एवं रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम ने नई दिल्ली में,केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर दोनों शहरों में 4-लेन बायपास निर्माण की मांग रखी। केंद्रीय मंत्री ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए,अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय मंत्री को बताया,कि अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-343 छत्तीसगढ़ को झारखंड से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय मार्ग हैं। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री बसों, छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों और भारी मालवाहकों का आवागमन होता हैं। वर्तमान में भारी वाहनों के शहरों के भीतर से गुजरने के कारण यातायात दबाव और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता हैं।
🟠बलरामपुर में 10 किमी और रामानुजगंज में 8 किमी का बायपास प्रस्तावित
मंत्री नेताम ने बलरामपुर शहर के लिए करीब 10 किलोमीटर लंबे 4-लेन बायपास की मांग रखी। उन्होंने कहा,कि बायपास बनने से भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा और यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।इसी तरह रामानुजगंज शहर के लिए करीब 8 किलोमीटर लंबे 4-लेन बायपास का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा गया। रामानुजगंज अंतर्राज्यीय आवागमन का प्रमुख केंद्र है, जहां स्थानीय वाहनों के साथ भारी व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बायपास निर्माण को शहर की सड़क सुरक्षा और भविष्य की यातायात जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया हैं।
🟠यातायात के साथ कारोबार को भी मिलेगी नई रफ्तार
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा,कि दोनों बायपास का निर्माण केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं रहेगा,बल्कि छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन को भी नई गति देगा। भारी वाहनों को शहरों के बाहर से सुगम मार्ग मिलने से परिवहन समय कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया,कि एनएच-343 कॉरिडोर योजना के तहत निर्माण कार्यों के लिए क्रमशः 397.44 करोड़ रुपये और 199.05 करोड़ रुपये की स्वीकृति पूर्व में दी जा चुकी हैं,और संबंधित कार्य प्रगतिरत हैं।
इसी क्रम में बलरामपुर और रामानुजगंज के शहरी हिस्सों में बायपास निर्माण को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दोनों बायपास प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए, शीघ्र स्वीकृति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री नेताम ने कहा,कि बायपास निर्माण से बलरामपुर-रामानुजगंज क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यातायात, व्यापार तथा नगरीय विकास को नई दिशा मिलेगी।












