न्यूज डेस्क,रायगढ़,छत्तीसगढ़,14अगस्त2026
रायगढ़ के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक में, शुक्रवार को राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधिवत प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कलार समाज के सामाजिक सम्मेलन में समाज की एकता, शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन और युवाओं-बेटियों को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। दोनों मंत्रियों का समाजजनों ने लड्डुओं से तौलकर और पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया। मंत्रियों ने समाजजनों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता के साथ शिक्षा और विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
🟠भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापना समाज के लिए गौरव का अवसर
बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए,स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापना को पूरे समाज के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रायगढ़ के महत्वपूर्ण चौक पर भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा स्थापित होना कलार समाज के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर हैं।उन्होंने कहा,कि कलचुरी वंश का छत्तीसगढ़ की धरती को बसाने और संवारने में महत्वपूर्ण योगदान रहा हैं। कलचुरी समाज का इतिहास केवल किसी एक व्यवसाय तक सीमित नहीं, बल्कि ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध रहा हैं। उन्होंने समाजजनों से अपनी गौरवशाली विरासत को जानने और नई पीढ़ी को भी इससे परिचित कराने की अपील की।
🟠सभी समाज आगे बढ़ेंगे,तभी होगा प्रदेश का समग्र विकास
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा,कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी आने वाली पीढ़ी की प्रगति से होती हैं। इसलिए बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।उन्होंने कहा,कि प्रतिभा किसी एक समाज तक सीमित नहीं होती। जिस समाज के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, वह समाज प्रगति करेगा और जब सभी समाज आगे बढ़ेंगे, तभी छत्तीसगढ़ और देश का समग्र विकास संभव होगा।वित्त मंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित न रहने और कृषि, व्यवसाय, कला, संगीत, मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
🟠बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
ओपी चौधरी ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर देते हुए कहा,कि बेटियों को इतना सक्षम और मजबूत बनाया जाना चाहिए,कि वे जीवन के किसी भी क्षेत्र में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा,कि शिक्षा और अवसरों के माध्यम से नई पीढ़ी को मजबूत बनाना समाज के विकास की सबसे बड़ी कुंजी हैं।
🟠95 प्रतिशत से अधिक अंक वाले विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 10वीं और 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।
🟠समाज के विकास के साथ युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने भगवान सहस्रबाहु की प्रतिमा के अनावरण को गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा,कि प्रदेश सरकार सभी समाजों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही हैं।कलार समाज के प्रदेशाध्यक्ष विजय जायसवाल ने प्रतिमा अनावरण को समाज के लिए खुशी और गौरव का क्षण बताया तथा दोनों मंत्रियों सहित सभी अतिथियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, छत्तीसगढ़ कलार महासभा की महाध्यक्ष सरोज दुष्यंत डनसेना, जिलाध्यक्ष केशव जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।












