न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,16अगस्त2026
छत्तीसगढ़ पुलिस के आह्वान पर सरगुजा पुलिस द्वारा, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा हैं। यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए,उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक और सुरक्षित बनाना हैं।इसी कड़ी में 16 अगस्त 2026 को पुलिस लाइन अंबिकापुर स्थित सभाकक्ष में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में करीब 50 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई।अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी सुरक्षा, वित्तीय धोखाधड़ी एवं यूपीआई सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल से बचाव, स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउजिंग, जॉब फ्रॉड, फिशिंग, डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
इसके अलावा ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में ‘साइबर चौपाल’ के माध्यम से नागरिकों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी/यूपीआई फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के तरीकों के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुलिस द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों, श्रमिकों तथा ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचकर अभियान की जानकारी दी जाएगी।अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए ‘लोगो’ और ‘क्यूआर कोड’ भी लॉन्च किया गया हैं। लोगों को क्यूआर कोड स्कैन कर ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ लेने और उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैं।
डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा रितेश चौधरी, नोडल अधिकारी साइबर सेल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। साथ ही अभियान को अपने परिजनों, रिश्तेदारों और आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान के माध्यम से सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और ‘साइबर क्राइम मुक्त सरगुजा’ के निर्माण में सहयोग करने की अपील की हैं।












