अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,24अगस्त2026
रक्षाबंधन पर्व को लेकर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए, हस्तनिर्मित राखी स्टॉल पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी पहुंचीं। उन्होंने स्टॉल पर राखियों को देखा और अपने भाइयों के लिए राखियों की खरीदारी की। कलेक्टर को राखियां खरीदते देख समूह की महिलाओं में खुशी और उत्साह नजर आया।
🟠अनाज से बनी राखियां बनीं आकर्षण का केंद्र
स्व-सहायता समूह की दीदियों ने धान, चावल और गेहूं जैसे स्थानीय कृषि उत्पादों से आकर्षक राखियां तैयार की हैं। कलेक्टर ने इन राखियों की सराहना करते हुए, महिलाओं से राखियों के निर्माण और बिक्री की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पाद महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की पहचान बन रहे हैं। ऐसे उत्पादों को बढ़ावा देने से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने और नियमित आय का अवसर मिलेगा।
🟠अधिकारियों ने भी की राखियों की खरीदारी
कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी राखियों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचे, अधिकारी-कर्मचारियों और ग्रामीणों ने भी स्टॉल से हस्तनिर्मित राखियां खरीदीं।स्थानीय अनाज से तैयार की गई इन राखियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और महिलाओं के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आईं।












