IGKV पेपर लीक कांड का 36 घंटे में खुलासा, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार,11 हजार में बेचा था प्रश्नपत्र

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,24अगस्त2026

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र (AGCH-221) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की हैं। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने 36 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए,मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार, प्रश्नपत्र को लीक कर 11 हजार रुपये में बेचा गया था।

🟠प्रोफेसर ने लिफाफे में छेद कर बनाया प्रश्नपत्र का वीडियो

पुलिस जांच में सामने आया,कि इस मामले का मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया (38) हैं,जो भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब एक साल से रायपुर कृषि महाविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र ले जाने का काम कर रहा था।17 अगस्त को आरोपी ने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए थे। इसके बाद 20 अगस्त को होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा के प्रश्नपत्र वाले सीलबंद लिफाफे को उसने कथित तौर पर घर ले जाकर सुई और नुकीले औजार से उसमें छोटा छेद किया। इसके बाद मोबाइल कैमरे से प्रश्नपत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली।पुलिस के अनुसार आरोपी ने यह वीडियो अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक को 11 हजार रुपये में बेच दिया। इसके बाद प्रश्नपत्र अन्य छात्रों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल हो गया।

🟠परीक्षा शुरू होने से पहले सामने आया पेपर लीक

20 अगस्त की सुबह परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रश्नपत्र वायरल होने की जानकारी मिली। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. एन. आर. रंगारे की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

🟠100 से अधिक पुलिस टीमों ने खंगाले डिजिटल साक्ष्य

पुलिस ने प्रश्नपत्र वायरल होने के स्रोत का पता लगाने के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की। रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में कार्रवाई की गई।व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया गतिविधियों के तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को दुर्ग निवासी छात्र अनुज मिंज के बारे में जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस ने कथित तौर पर पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।

🟠6 आरोपी गिरफ्तार, 2 की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया के अलावा पांच छात्रों को गिरफ्तार किया हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू शामिल हैं।पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही हैं।

🟠6 मोबाइल समेत कई सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सुजा और फेविकोल समेत अन्य सामग्री जब्त की हैं।आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5 और 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया गया हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।

🟠गिरफ्तार आरोपियों के नाम

🔸️योगेश सोनकेसरिया (38) – प्रोफेसर, मुख्य आरोपी

🔸️अजय नायक – छात्र

🔸️त्रिदेव पटेल – छात्र

🔸️नितिन पाण्डेय – छात्र

🔸️अनुज मिंज – छात्र

🔸️आदित्य साहू – छात्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें