अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,2सितंबर2026
सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने बुधवार को, बलरामपुर जिले के प्रवास के दौरान तहसील कार्यालय और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के कामकाज, न्यायालयीन प्रकरणों, रिकॉर्ड व्यवस्था और आम लोगों से जुड़े लंबित मामलों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व से जुड़े मामलों के निराकरण में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए, समय-सीमा में पूरा करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
🟠नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के मामलों पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा,कि इन मामलों का सीधा संबंध आम नागरिकों की जमीन और संपत्ति से होता हैं,इसलिए इनके निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया,कि विवादित और अविवादित दोनों तरह के नामांतरण तथा बंटवारा प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कब्जे से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए।
🟠सेवा सेतु केंद्र से लेकर न्यायालयीन प्रकरणों तक जांच
संभागायुक्त ने तहसील कार्यालय स्थित सेवा सेतु केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित आवेदनों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए।इसके साथ ही उन्होंने माल जमादार, नाजरात, कानूनगो शाखा, रिकॉर्ड रूम सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में चल रहे प्रकरणों की भी जांच की।निरीक्षण के दौरान नकल शाखा में पंजी संधारण व्यवस्थित नहीं मिलने और अद्यतन जानकारी के अभाव पर संभागायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित लिपिक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
🟠पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश
संभागायुक्त ने एसडीएम कार्यालय में न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए,विशेष रूप से पांच वर्ष से अधिक पुराने लंबित राजस्व मामलों की अद्यतन स्थिति जानी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया,कि लंबे समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। साथ ही सभी अपंजीकृत प्रकरणों को अनिवार्य रूप से ई-कोर्ट प्रणाली में दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि प्रकरणों की ऑनलाइन निगरानी और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
🟠रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। संभागायुक्त ने राजस्व दस्तावेजों की समुचित लिस्टिंग करने और जमा एवं इश्यू पंजी को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।उन्होंने आरबीसी 6-4 से संबंधित प्रकरणों की भी जांच कर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
🟠गिरदावरी में पारदर्शिता और शुद्धता जरूरी
प्रवास के दौरान संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने, तहसील बलरामपुर में चल रहे गिरदावरी कार्य का भी मैदानी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर की जा रही प्रविष्टियों की वास्तविकता का परीक्षण किया और अधिकारियों से गिरदावरी की प्रक्रिया की जानकारी ली।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए,कि गिरदावरी कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। मैदानी स्तर पर दर्ज की जा रही जानकारी में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
🟠निरीक्षण के बाद किया पौधरोपण
संभागायुक्त ने निरीक्षण के उपरांत एसडीएम कार्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए,कदम का पौधा रोपित किया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।इस दौरान कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी, सरगुजा उपायुक्त आर.के. खूंटे, उपायुक्त शारदा अग्रवाल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












