17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,9सितंबर2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा,नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को, जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए वित्त मंत्री एवं संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशासनिक बैठक ली। बैठक में सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के अधिकारियों से अभियान की तैयारियों की जानकारी ली गई।

🟠जनभागीदारी के साथ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों का बेहतर विभागीय समन्वय के साथ, समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि अभियान की गतिविधियां केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी के साथ आयोजित की जाएं।उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों समेत समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

🟠‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत

17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत परिवारों को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।मैदानी स्तर पर कार्यरत टीमें घर-घर जाकर लोगों को इस पहल में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।

🟠बच्चों के सपनों से दिखेगा विकसित भारत का विजन

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी स्कूलों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल आयोजित की जाएगी। इसके तहत विकसित भारत की कल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

🟠नुक्कड़ नाटक के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए सकारात्मक बदलावों की कहानियां आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित हैं।

🟠‘आंगन का उत्सव’ में माताओं से संवाद

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपने अनुभव और बदलाव की कहानियां भी साझा करेंगी।

🟠‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी सफलता की कहानियां

अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। इसमें हितग्राही का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी।इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक तैयार करने की भी योजना हैं।

🟠‘सेवा ज्योति यात्रा’ से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प

25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के लिए गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई हैं।

🟠‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक करेंगे सेवा कार्य

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। नदी-घाट स्वच्छता समेत विभिन्न सेवा कार्यों को अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।इसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

🟠‘सरकार आपके द्वार’ से योजनाओं का मिलेगा लाभ

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

🟠कई अन्य गतिविधियां भी होंगी आयोजित

अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित हैं।बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें