निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं, अधिकारियों को कार्य संस्कृति में बदलाव के निर्देश

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,11सितंबर2026

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी,नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए, सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्यशैली और कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए परिणाम आधारित कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया,कि कार्यों में अनावश्यक देरी या अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।🟠सड़क, पुल और भवनों की गुणवत्ता पर विशेष जोर

अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को सड़क, भवन, पुल-पुलिया और अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा,कि निर्माण कार्य समय पर पूरा कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी हैं। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों एवं परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिकों के अनुकूल रखने के निर्देश दिए।

🟠प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए,अधूरे आवासों का निर्माण तेजी से पूरा कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाकर पात्र हितग्राहियों को जल्द लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।🟠जल जीवन मिशन की योजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर

उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संचालन के लिए ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने और ठेकेदारों एवं संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों का भुगतान करने को कहा।उप मुख्यमंत्री ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाकर जलापूर्ति योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

🟠बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आए तेजी

अरुण साव ने कहा,कि बरसात समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने स्पष्ट किया,कि विकास योजनाओं का असर केवल सरकारी फाइलों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।समीक्षा बैठक में कलेक्टर देवेश ध्रुव, वनमंडलाधिकारी रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित संबंधित विभागों के संभागीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें