न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,15सितंबर2026
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और ऑनलाइन नौकरी के नाम पर हो रही ठगी को देखते हुए,सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जन शिक्षण संस्थान में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं, युवाओं और श्रमिकों को साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन जॉब फ्रॉड से बचाव के जरूरी उपाय बताए गए।डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा हैं। अभियान के पांचवें सप्ताह 13 से 19 सितंबर 2026 के तहत कौशल विकास केंद्रों, रोजगार सृजन वाले संस्थानों और असंगठित क्षेत्र में, काम करने वाले युवाओं एवं श्रमिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा हैं।
🟠नौकरी का ऑफर मिले तो पहले करें जांच
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने युवाओं को सोशल मीडिया और मैसेज के जरिए मिलने वाले आकर्षक पार्ट-टाइम, फुल-टाइम और वर्क फ्रॉम होम जॉब ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी। बताया गया,कि साइबर ठग नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को फर्जी भर्ती एजेंसियों और वेबसाइटों के जरिए अपने जाल में फंसा रहे हैं।पुलिस ने स्पष्ट किया,कि रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन, सिक्योरिटी डिपॉजिट या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पैसे मांगने वाले संदिग्ध जॉब ऑफर से सावधान रहें। किसी भी नौकरी की जानकारी को आधिकारिक माध्यम से सत्यापित करने के बाद ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई।
🟠फर्जी लिंक और APK से भी रहें सतर्क
युवाओं को अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनधिकृत APK या मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते की जानकारी और OTP किसी अनजान व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं करने की अपील की।जन शिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक मो. सिद्दीकी, परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता, करीब 300 छात्र-छात्राएं और 10 शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और पुलिस टीम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
🟠पुलिस और नवा बिहान टीम ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम में नवा बिहान की ओर से मंगल पांडे, अजय तिवारी और संतोष दास ने सहयोग किया। सरगुजा पुलिस की ओर से उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा और अविनाश पासवान की सक्रिय सहभागिता रही।सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों, युवाओं और छात्र-छात्राओं से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को बिना जांच-पड़ताल के व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता विवरण या OTP न दें। यदि साइबर वित्तीय ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार हैं।












