न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,11जून2026
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जशपुर जिले के, कुनकुरी में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत 16 जून 2026 को जनपद पंचायत कुनकुरी परिसर में विशेष ऋण एवं बैंक लिंकेज मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण प्रकरणों का निराकरण कर उन्हें विभिन्न आजीविका एवं स्वरोजगार गतिविधियों के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा हैं, जिससे सैकड़ों महिला समूहों को सीधे लाभ मिलने की संभावना हैं।
🟠बैंकों को दिए गए विशेष निर्देश
जनपद पंचायत कुनकुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) द्वारा क्षेत्र के सभी प्रमुख बैंक शाखा प्रबंधकों को पत्र जारी कर कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन समय रहते पूरा करने को कहा गया हैं।
🟠सभी प्रमुख बैंक होंगे शामिल
इस विशेष बैंक लिंकेज मेले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक सहित अन्य बैंक शाखाओं की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगा। प्रशासन को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूह इस अवसर का लाभ उठाएंगे।
🟠ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत ताकत बन रहे महिला समूह
बिहान योजना के तहत गठित महिला स्व-सहायता समूह आज गांवों की आर्थिक रीढ़ बनकर उभर रहे हैं। बैंक ऋण मिलने से समूह कृषि, पशुपालन, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, लघु उद्योग, सिलाई-कढ़ाई, हस्तशिल्प और अन्य आयवर्धक गतिविधियों का विस्तार कर सकेंगे।इससे महिलाओं की आय बढ़ेगी, परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
🟠सपनों को मिलेगी नई उड़ान
प्रशासन का मानना हैं,कि यह विशेष ऋण एवं बैंक लिंकेज मेला महिला स्व-सहायता समूहों की बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाएगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूती प्रदान करेगा। ग्रामीण महिलाओं के लिए यह आयोजन अपने व्यवसायिक सपनों को साकार करने और आर्थिक प्रगति की नई राह खोलने वाला मंच साबित हो सकता हैं।












