न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,24जुलाई 2026
सरगुजा संभाग में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में,छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन (CVCA) ने बड़ी पहल की हैं। अंबिकापुर में आयोजित संगठन की महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेसवार्ता में क्रिकेट के विकास,नई प्रतियोगिताओं के आयोजन, खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर बिंदेश्वर शरण सिंह देव को छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन का सरगुजा संभागीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने संगठन की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की।
🟠सरगुजा में तैयार होगी नई क्रिकेट प्रतिभाओं की फौज
उपाध्यक्ष बिंदेश्वर शरण सिंह देव ने कहा,कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सरगुजा संभाग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचाना हैं। इसके लिए विभिन्न आयु वर्गों की क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी,जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा,कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना सिखाने का सशक्त माध्यम हैं।
🟠अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम की उठी मांग
बैठक में सरगुजा संभाग में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट ग्राउंड एवं स्टेडियम के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। पदाधिकारियों का कहना हैं,कि बेहतर खेल अधोसंरचना मिलने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।
🟠वरिष्ठ खिलाड़ियों का सम्मान, युवाओं को मिलेगा अनुभव का लाभ
कार्यक्रम में 40 वर्ष से अधिक आयु के क्रिकेट खिलाड़ियों को उनके लंबे योगदान और खेल के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। संगठन ने कहा, कि वरिष्ठ खिलाड़ियों का अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा और इससे क्रिकेट संस्कृति को मजबूती मिलेगी।
🟠खेल भावना और अनुशासन पर विशेष जोर
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रोबिन कुमार ने कहा कि CVCA का उद्देश्य केवल टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों में अनुशासन, खेल भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना भी हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित अभ्यास कर खेल के माध्यम से प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।उन्होंने बताया,कि आने वाले समय में प्रदेशभर में वेटरन क्रिकेट के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के लिए भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, सदस्य, वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।












