अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026
ग्रामीण विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से,बलरामपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, आयोजित कार्यक्रमों में विकसित भारत जी-रामजी (वीबी जी-रामजी) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम सभाओं की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने, आजीविका डबरी, नवा तरिया जैसे आजीविका संवर्धन कार्यों को गति देने तथा ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत बालिका शौचालय निर्माण और धार अपार अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। आवास निर्माण में तेजी लाने, समय पर किस्तों का भुगतान, लंबित जियो टैगिंग पूर्ण करने, रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने और स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कई हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया।ग्रामीणों तक योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से पहुंचाने के लिए क्यूआर कोड आधारित सूचना व्यवस्था भी शुरू की गई, जिससे विकसित भारत जी-रामजी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सके।जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित रोजगार दिवस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा ग्रामीण विकास को गति देने का संकल्प लिया।












