संदिली सिंह,रायपुर,15अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर,छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज वनवासी विकास समिति, छत्तीसगढ़ प्रांत के अध्यक्ष उमेश कच्छप को एम्बुलेंस वाहन की चाबी सौंपी। यह एम्बुलेंस राज्यपाल के स्वेच्छानुदान मद से प्रदत्त हैं। कार्यक्रम में डॉ. पुर्णेन्द्रु सक्सेना भी उपस्थित रहे।
जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के उद्देश्य से,राज्यपाल डेका ने समिति को एम्बुलेंस खरीदने हेतु 7 लाख 63 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। संस्था राज्य के सुदूर और वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ समय-समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित करती हैं।
वनवासी विकास समिति को लंबे समय से एम्बुलेंस की आवश्यकता थी, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुँचाया जा सके। राज्यपाल द्वारा प्रदत्त यह एम्बुलेंस सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को मजबूत करेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












