संदिली सिंह,कांकेर,11सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर चूक सामने आई हैं। अंजाडी गांव में महतारी एक्सप्रेस 102 एम्बुलेंस में EMT (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) न होने के कारण एक नवजात शिशु की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला जानो बाई बड्डे को परिजन महतारी एक्सप्रेस संजीवनी वाहन से अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन गांव तक सड़क और पुलिया न होने के कारण एम्बुलेंस नदी किनारे ही रुक गई। महिला का प्रसव घर पर ही हुआ और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
परिजन जच्चा-बच्चा को चारपाई पर लादकर नदी पार कर अस्पताल पहुंचे। एम्बुलेंस में EMT मौजूद न होने की वजह से नवजात और मां को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल पाई। पखांजूर सिविल अस्पताल में इलाज शुरू किया गया, लेकिन नवजात शिशु की जान नहीं बचाई जा सकी। महिला का इलाज जारी हैं।परिजन और ग्रामीणों ने सरकार से अंजाडी नदी पर पुल निर्माण और महतारी एक्सप्रेस वाहनों में हमेशा EMT की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की हैं।












