संदिली सिंह,चन्द्रपुर,11सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
चंद्रपुर तहसील और डभरा ब्लॉक अंतर्गत जनपद प्राथमिक शाला गोपालपुर में बुधवार को,जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, खेलकूद गतिविधियों और विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ वासु जैन ने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, शिक्षा व खेलकूद से जुड़े प्रश्न पूछे। बच्चों के आत्मविश्वासपूर्ण उत्तरों से संतुष्ट होकर उन्होंने उनकी सराहना की और उन्हें नियमित उपस्थिति, गृहकार्य व खेलकूद में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।
सीईओ ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए, विद्यालय व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने डीएमएफ योजना अंतर्गत गोपालपुर में संचालित वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम का निरीक्षण किया और स्वच्छता दीदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना।
विद्यालय निरीक्षण के बाद,सीईओ का दल ग्राम पंचायत बालपुर पहुँचा,जहाँ सीसी रोड निर्माण कार्य, पीएम आवास योजना के भवन और आंगनबाड़ी भवन की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ डभरा सी.के. आदिले, प्रभारी एसडीओ आरईएस सुमीत कुमार राजपूत, जिला समन्वयक डभरा, उप सरपंच रूद्रकुमार मेहर, सरपंच-सचिव सहित पंचायत अधिकारी उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्रधान पाठक शैलेंद्र कुमार पटेल, शिक्षक डमरूधर देवांगन और शिक्षिका निशिकला पटेल ने अतिथियों का स्वागत कर विद्यालय गतिविधियों की जानकारी दी।
सीईओ वासु जैन ने कहा,कि “शिक्षा और विकास कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी हैं और इसमें ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक हैं।”












