संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़/29अक्टूबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस 2025 इस बार पूरे प्रदेश में धूमधाम, गौरव और पारंपरिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। राज्य शासन ने घोषणा की हैं,कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भव्य राज्योत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य के मंत्रीगण, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
🟠राज्य शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार —
राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बस्तर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे।
इसी प्रकार गरियाबंद में दयालदास बघेल,कोरबा में लखनलाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, और जांजगीर-चांपा में टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, बलरामपुर, महासमुंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ति, बीजापुर, कांकेर और खैरागढ़ जिलों में सांसदगण कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। वहीं मुंगेली, धमतरी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोण्डागांव, नारायणपुर और सुकमा जिलों में विधायकगण बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सवों में छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, स्थानीय उत्पादों की झांकी और विकास योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। ये आयोजन न केवल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं को प्रदर्शित करेंगे, बल्कि जनभागीदारी और एकता के संदेश को भी सशक्त करेंगे।
राज्य शासन ने सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं,कि राज्योत्सव कार्यक्रमों को गरिमामय, जनसहभागी और सांस्कृतिक गौरव से परिपूर्ण रूप में आयोजित किया जाए, ताकि छत्तीसगढ़ की “गढ़वई पहचान” पूरे प्रदेश में चमक उठे।












