संदिली सिंह,कुनकुरी,छत्तीसगढ़,28जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
जशपुर जिले के कुनकुरी में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं।कार्यक्रम की शुरुआत कुनकुरी के जय स्तंभ स्मारक पर हुई, जहां नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने पुष्पहार अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया और नगरवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य समारोह कुनकुरी के हृदय स्थल खेल मैदान में आयोजित किया गया, जहां जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात जैसे ही रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए, पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर कौशल्या साय ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की और नागरिकों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि कौशल्या साय के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए।
गणतंत्र दिवस समारोह में कुनकुरी जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय, नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील, पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ कुनकुरी ने गणतंत्र दिवस को यादगार बनाते हुए संविधान के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की।












