संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वनभूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की। वन विभाग, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने वनमंडल बलरामपुर अंतर्गत, वन परिक्षेत्र धमनी के उप परिक्षेत्र नवाडीह स्थित बीट अन्नपारा के ग्राम गाजर में बुलडोजर चलाकर 31 अवैध मकानों को जमींदोज कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 3.851 हेक्टेयर संरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में वनभूमि संरक्षण की दिशा में अब तक की महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा हैं। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, वन सुरक्षा श्रमिक और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
🟠34 मामलों में से 31 पर कार्रवाई
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार संरक्षित वन कक्ष क्रमांक पी-953 में कुल 34 अतिक्रमण प्रकरण दर्ज थे। इनमें से 3 प्रकरण वर्तमान में माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। शेष 31 मामलों में अवैध कब्जाधारियों द्वारा बनाए गए मकानों और अन्य निर्माणों को हटाते हुए वनभूमि को मुक्त कराया गया।
🟠कार्रवाई से पहले पूरी की गई कानूनी प्रक्रिया
वन विभाग ने स्पष्ट किया,कि बेदखली की कार्रवाई पूरी तरह विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत की गई। वनमंडलाधिकारी बलरामपुर द्वारा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 80 (A) के तहत सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे।इसके अलावा संबंधित लोगों को कई बार अतिक्रमण स्वयं हटाने और भूमि खाली करने का अवसर भी दिया गया। निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद संयुक्त प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
🟠भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चला अभियान
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। राजस्व, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।
🟠कार्रवाई में शामिल प्रमुख अधिकारी एवं विभाग
🔸️अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), रामानुजगंज
🔸️ अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), रामानुजगंज
🔸️उप वनमंडलाधिकारी (वन), वाड्रफनगर
🔸️तहसीलदार, रामानुजगंज
🔸️तहसीलदार, रामचंद्रपुर
🔸️वन परिक्षेत्राधिकारी, धमनी
🔸️वन परिक्षेत्राधिकारी, वाड्रफनगर
🔸️वन परिक्षेत्राधिकारी, रघुनाथनगर
🔸️वन परिक्षेत्राधिकारी, रामानुजगंज
🔸️वन परिक्षेत्राधिकारी, बलरामपुर
🔸️वन परिक्षेत्राधिकारी, चांदो
🔸️काष्ठागार एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वन सुरक्षा श्रमिक, ग्राम गाजर के सरपंच, पंचगण एवं ग्रामीणजन।
🟠अतिक्रमण मुक्त भूमि पर होगा वृक्षारोपण
वन विभाग ने बताया,कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई वनभूमि को पुनः हरित स्वरूप देने के लिए आगामी वर्षा ऋतु में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। स्थानीय ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से वन महोत्सव आयोजित कर हजारों पौधे लगाए जाएंगे।विभाग का मानना हैं,कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और वन क्षेत्र को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी।
🟠वन अपराधियों को सख्त चेतावनी
वनमंडलाधिकारी बलरामपुर ने जिले के सभी वन अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा हैं,कि वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण, अवैध कटाई, अवैध चराई तथा वन्यजीवों से संबंधित अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा,कि वन संपदा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हैं,और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।वन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई को जिले में वन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा हैं।












