Nexis News

बिलासपुर में दर्दनाक हादसा : तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, नरगोड़ा गांव में पसरा मातम

संदिली सिंह,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,5जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा के लुदियापारा में, शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई हैं।जानकारी के अनुसार, नरगोड़ा निवासी किशोर कुमार खरे के पुत्र ऋषभ कुमार खरे और रितेश कुमार खरे सुबह करीब 8 बजे अपने साथी निहाल के साथ गांव के नए तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों भाई अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद निहाल ने तत्काल गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जोगीराम सूर्यवंशी सहित अन्य ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना पाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।

🟠दादा के दशकर्म में शामिल होने दिल्ली से लौटा था परिवार

परिजनों के मुताबिक, रविवार को बच्चों के दादा का दशकर्म कार्यक्रम था। इसी कारण उनके पिता, जो रोजगार के लिए दिल्ली में रहते हैं, गुरुवार को ही परिवार सहित गांव लौटे थे। परिवार अभी दादा के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था,कि अगले ही दिन दोनों बेटों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।इस दर्दनाक घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल हैं। गांव के लोग लगातार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं, लेकिन इस अपूरणीय क्षति के सामने हर शब्द छोटा पड़ रहा हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल हैं।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!