संदिली सिंह,कांकेर,छत्तीसगढ़,5जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के, पहले दिन मैदानी स्तर पर विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुशासन तिहार के तहत आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और कई निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी गति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
🟠जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव
कांकेर जिले के कोटतरा में आयोजित सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में, उप मुख्यमंत्री ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक, सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए।उन्होंने अधिकारियों से कहा,कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
🟠जल जीवन मिशन कार्यों का किया निरीक्षण
चारामा विकासखंड के ग्राम बड़ेगौरी में उप मुख्यमंत्री ने,जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। यहां लगभग 2.49 करोड़ रुपये की लागत से जल आपूर्ति व्यवस्था विकसित की जा रही हैं, जिससे 391 घरों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा हैं।उन्होंने घर-घर जाकर जल आपूर्ति की स्थिति को भी देखा और अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
🟠निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कांकेर में उन्होंने निर्माणाधीन 250 सीटर नालंदा परिसर का निरीक्षण किया, जिसकी लागत लगभग 4.71 करोड़ रुपये हैं। उन्होंने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए,इसे अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।इसके अलावा उन्होंने अमोड़ा–नरहरपुर सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 40.23 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 16 किमी टू-लेन सड़क की धीमी प्रगति पर उन्होंने ठेकेदार और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और कहा,कि मशीनरी और श्रमिक बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए।
🟠चार दिवसीय बस्तर प्रवास जारी रहेगा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव आगामी चार दिनों तक बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे निर्माण कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा करेंगे तथा अधिकारियों की बैठक भी लेंगे।












