संदिली सिंह,कर्वधा,छत्तीसगढ़,8जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
कबीरधाम जिले के दशरंगपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार को, एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हीरापुर स्थित दुबे ढाबा के पास एक यात्री बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो जाने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 10 से अधिक यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
🟠रायपुर से लखनऊ जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस रायपुर से लखनऊ की ओर जा रही थी। बस जैसे ही हीरापुर के पास पहुंची, अचानक उसका स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने बस को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वाहन तेज रफ्तार में होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई।
🟠हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे। घटना की जानकारी मिलते, ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
🟠पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दशरंगपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी हैं।
🟠बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित
राहत की बात यह रही,कि दुर्घटना में किसी भी यात्री की जान नहीं गई। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ी जनहानि टल गई।












