न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,14जून2026
शहर में एक बार फिर प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की हैं। रविवार सुबह वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने तकिया पावर हाउस के पास वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया।
जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि पर अवैध रूप से मकानों का निर्माण किया गया था। वन विभाग द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।सुबह करीब 7 बजे वन विभाग का अमला, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन द्वारा कुल 17 अवैध मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही हैं।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया हैं। अधिकारियों ने बताया कि वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।प्रशासन का कहना हैं,कि सरकारी और वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।












