संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,26जून2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के विकास को नई गति देने की दिशा में,बड़ा कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को नई पहचान दी हैं। अब यह संस्था केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन करते हुए,यह घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा, कि हर परिवार का अपने पक्के घर का सपना पूरा करना सरकार की प्राथमिकता हैं,लेकिन अब मंडल की जिम्मेदारी इससे आगे बढ़कर प्रदेश के विकास से जुड़ी बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं तक पहुंच चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया,कि मंडल आने वाले वर्षों में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
🟠दो वर्षों में बदली मंडल की तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने बताया,कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने आर्थिक चुनौतियों से बाहर निकलते हुए 7,388 से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को नई कार्य संस्कृति और बेहतर प्रबंधन का परिणाम बताते हुए मंडल की पूरी टीम को बधाई दी।उन्होंने कहा,कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए थे। वर्तमान में प्रदेश में 10.5 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं, जबकि प्रतिदिन लगभग 1600 नए मकान तैयार किए जा रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
🟠पूंजीगत निवेश से मजबूत होगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा,कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई भूमिका दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक सोच पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर विकास कार्यों में तेजी लाने की हैं।उन्होंने बताया,कि अब नई आवासीय परियोजनाएं तभी शुरू होंगी जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित होगी, जिससे वित्तीय जोखिम कम होगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू कर वर्षों से लंबित संपत्तियों के विक्रय में भी उल्लेखनीय सफलता मिली हैं।
🟠लकी ड्रा के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए निकाले गए,लकी ड्रा के विजेताओं को मुख्यमंत्री ने कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार भेंट की गई।इसी अवसर पर मंडल का नया लोगो डिजाइन करने वाले अंशुल कश्यप को मुख्यमंत्री ने 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक देकर सम्मानित किया।
🟠नई कार्य संस्कृति के साथ आगे बढ़ेगा मंडल
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा,कि नई सोच और मांग आधारित परियोजनाओं के माध्यम से मंडल वित्तीय रूप से मजबूत हुआ हैं। अब गुणवत्तापूर्ण, व्यवहारिक और जनहितकारी परियोजनाओं के जरिए अधोसंरचना विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।












