न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,27जुलाई 2026
सरगुजा जिले में वित्तीय संस्थानों और आभूषण दुकानों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से, सरगुजा पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान चलाते हुए,जिलेभर के बैंक, एटीएम, ज्वेलर्स दुकानों और अन्य वित्तीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और संस्थानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में एक साथ यह अभियान चलाया। पुलिस का उद्देश्य संभावित आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाना हैं।
🟠बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की हुई गहन जांच
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों,एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैंक प्रबंधकों और प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिए गए कि परिसर में लगे सभी हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू और कार्यशील स्थिति में रहें,ताकि प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।इसके साथ ही बैंक एवं ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षित सुरक्षा गार्डों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा रजिस्टर में दर्ज पुलिस की टिप्पणियों का समय पर पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
🟠संदिग्ध व्यक्तियों से की गई पूछताछ
निरीक्षण के दौरान बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों के आसपास बिना कारण घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पुलिस ने कड़ी पूछताछ की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया,कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने बैंक परिसरों के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत डायल 112 या संबंधित थाना प्रभारी को सूचना देने की अपील की।
🟠आपातकालीन अलार्म और आधुनिक सुरक्षा प्रणाली पर जोर
सरगुजा पुलिस ने सभी वित्तीय संस्थानों और ज्वेलर्स दुकानों में आपातकालीन अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह दी,ताकि संस्थान बंद होने के बाद यदि कोई अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश करने का प्रयास करे तो तत्काल सूचना मिल सके और समय रहते अपराध को रोका जा सके।इसके अलावा पुलिस ने आधुनिक सीसीटीवी प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी जोर दिया।
🟠संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पेट्रोलिंग
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने जिले की पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को निर्देश दिए हैं,कि बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स दुकानों के आसपास नियमित और प्रभावी गश्त की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।सरगुजा पुलिस ने कहा,कि आम नागरिकों, व्यापारियों और वित्तीय संस्थानों के सहयोग से जिले में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।












