संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,8अगस्त2026
छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की हैं। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने प्रदेश के पहले तीन ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ऑनलाइन शुभारंभ किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ ग्रेन एटीएम संचालित करने वाले देश के चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया हैं।
🟠24×7 मिलेगा राशन, कतार से मिलेगी राहत
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के जरिए राशनकार्डधारी हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे और सातों दिन चावल प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर आधार नंबर अथवा राशनकार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए पहचान की पुष्टि होने पर निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मशीन से प्राप्त किया जा सकेगा।इस व्यवस्था से उचित मूल्य की दुकानों पर राशन लेने के लिए लगने वाली लंबी कतार और समय की बाध्यता कम होगी। हितग्राही अपने काम के अनुसार सुविधानुसार किसी भी समय राशन प्राप्त कर सकेंगे।
🟠दूसरे राज्यों के राशनकार्डधारियों को भी मिलेगा लाभ
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की खासियत यह हैं,कि इसका लाभ केवल छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों तक सीमित नहीं रहेगा। वन नेशन, वन राशनकार्ड योजना के तहत दूसरे राज्यों के राशनकार्डधारी भी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।इससे छत्तीसगढ़ में काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों और अन्य राज्यों से आने वाले हितग्राहियों को राशन लेने में आसानी होगी।
🟠2500 किलोग्राम तक खाद्यान्न की क्षमता
वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के सहयोग से स्थापित अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की भंडारण क्षमता करीब 2500 किलोग्राम हैं। मशीन में चावल की लोडिंग स्वचालित प्रणाली से होगी। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद मशीन निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध कराएगी।सरकार का मानना हैं,कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता और निगरानी को और मजबूत किया जा सकेगा।
🟠छत्तीसगढ़ बना ग्रेन एटीएम संचालित करने वाला पांचवां राज्य
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम वर्तमान में उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में संचालित हो रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ भी इस व्यवस्था को लागू करने वाला देश का पांचवां राज्य बन गया हैं।
🟠पीडीएस व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा,कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पीडीएस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। ग्रेन एटीएम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।उन्होंने कहा,कि इससे हितग्राहियों के समय की बचत होगी और उचित मूल्य की दुकानों में भीड़ तथा कतार की समस्या कम होगी। तकनीक आधारित यह व्यवस्था लोगों को सम्मानजनक तरीके से खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा देगी।
🟠पारदर्शी पीडीएस की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की प्रतिनिधि नजी़नो हॉसीमोनी ने छत्तीसगढ़ सरकार को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम को पारदर्शी और प्रभावी पीडीएस प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।शुभारंभ कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे, विधायक मोतीलाल साहू, खाद्य विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम, नागरिक आपूर्ति निगम की एमडी इफ्फत आरा सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हितग्राही मौजूद रहे।












