न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,6अगस्त2026
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित, अपहरण एवं हत्या मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया हैं। पहले व्यक्तिगत मुचलके पर रिहा किए गए 10 आरोपियों को थाना प्रतापपुर पुलिस की रिवीजन पिटिशन स्वीकार होने के बाद,अदालत ने 20 अगस्त 2026 तक 15 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
🟠पहले मिली थी राहत, अब कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को ग्राम गोंदा निवासी सम्पतिया सूर्यवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी,कि 23 जुलाई की रात कुछ आरोपियों ने उनके घर में घुसकर हरिनंदन राजवाड़े के साथ मारपीट की, उसका अपहरण कर मोटरसाइकिल से ले गए और बाद में अधमरी हालत में भैंसामुड़ा के केंवरा चौक के पास छोड़कर फरार हो गए। इलाज के दौरान हरिनंदन की मौत हो गई।मामले में थाना प्रतापपुर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
🟠10 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने ललित राजवाड़े सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 3 डंडे और 4 मोटरसाइकिल जब्त की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।हालांकि, प्रारंभिक सुनवाई में न्यायालय ने रिमांड आवेदन खारिज करते हुए सभी आरोपियों को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया था।
🟠पुलिस की रिवीजन पिटिशन पर बदला फैसला
इस आदेश के खिलाफ प्रतापपुर पुलिस ने जिला अभियोजन अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, प्रतापपुर की अदालत में पुनरीक्षण (रिवीजन) याचिका दायर की।न्यायालय ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए पहले के आदेश को निरस्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को दोबारा न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी 10 आरोपियों को 20 अगस्त 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🟠फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया,कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही हैं,और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












