न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026
सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ क्षेत्र में घरेलू विवाद ने, खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी के साथ घर चलने से इनकार करने पर एक व्यक्ति ने धारदार ब्लेड से उसकी गर्दन पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को पहले ओड़गी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को ग्राम भंवरखोह तेलईडांड निवासी हरदयाल सिंह ने चौकी कुदरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई,कि उसकी भांजी पिछले एक महीने से अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ उसके घर रह रही थी।इसी दौरान उसका पति नकुल सिंह (36) पत्नी को वापस घर ले जाने पहुंचा,लेकिन महिला ने साथ जाने से इनकार कर दिया।पत्नी के इनकार से नाराज आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और धारदार ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए,जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर चौकी कुदरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात में प्रयुक्त ब्लेड जब्त कर लिया।दबिश देकर आरोपी नकुल सिंह आयाम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने पत्नी द्वारा साथ चलने से इनकार करने पर गुस्से में हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) के तहत दर्ज प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।












