डेनियल सेप्टी,बस्तर,छत्तीसगढ़,12अगस्त2026
बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर बुधवार को नारायणपुर जिला मुख्यालय से, बस्तर तिरंगा यात्रा 2026 का शुभारंभ हुआ। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और 14 अगस्त को बीजापुर की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराने के साथ इसका समापन होगा।
🟠नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचेगा तिरंगा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह यात्रा उन इलाकों से होकर गुजर रही हैं,जहां कभी नक्सली घटनाओं का असर रहा हैं। उन्होंने कहा,कि अब इन क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया दौर शुरू हो चुका हैं। यात्रा के जरिए देश-दुनिया को बस्तर की बदलती तस्वीर का संदेश दिया जा रहा हैं।उन्होंने कहा, कि इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद राष्ट्रीय ध्वज नहीं लहराया गया था। उन्होंने कहा,कि बस्तर के लोग अब विकास और नई संभावनाओं की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
🟠विकास और सुरक्षा पर सरकार का जोर
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा,कि बस्तर में सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, लघु वनोपज प्रसंस्करण और रोजगार के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा हैं। वहीं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि कभी नक्सल गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों से आज तिरंगा यात्रा निकल रही हैं। यात्रा के दौरान शहीद जवानों और नागरिकों की शहादत से जुड़ी जगहों की मिट्टी एकत्रित की जाएगी, जिसका उपयोग भविष्य में स्मारक निर्माण में किया जाएगा।
🟠तीन दिनों में बस्तर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा
12 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा पहले दिन नारायणपुर से मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची। दूसरे दिन यात्रा दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। तीसरे दिन बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए,कर्रेगुट्टा पहाड़ी पहुंचेगी।इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।












