न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,25जुलाई 2026
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई की दिशा में,जशपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की हैं। थाना कांसाबेल में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में विशेष POCSO न्यायालय,जशपुर ने आरोपी कलेश्वर राम विश्वकर्मा (45 वर्ष) को दोषी ठहराते हुए,आजीवन कारावास की सजा सुनाई हैं। न्यायालय ने पीड़िता को शासन की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।यह फैसला नए आपराधिक कानूनों की भावना के अनुरूप त्वरित विवेचना,वैज्ञानिक साक्ष्य और प्रभावी अभियोजन का मजबूत उदाहरण माना जा रहा हैं।
🟠लंबे समय तक करता रहा यौन शोषण, विरोध करने पर की मारपीट
पुलिस के अनुसार,पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी, कि आरोपी लंबे समय से उसके साथ गंभीर लैंगिक अपराध कर रहा था। 29 अप्रैल 2026 को आरोपी ने फिर से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने पीड़िता और उसके भाई के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद परिवार ने 2 मई 2026 को थाना कांसाबेल में शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
🟠46 दिनों में पूरी हुई जांच, रिकॉर्ड समय में कोर्ट ने सुनाया फैसला
थाना कांसाबेल पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण,न्यायालयीन बयान, घटनास्थल का निरीक्षण,फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। सिर्फ 46 दिनों में जांच पूरी कर 17 जून 2026 को विशेष POCSO न्यायालय में चालान पेश कर दिया गया।तेजी से चली सुनवाई के बाद 23 जुलाई 2026 को न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
🟠मजबूत साक्ष्य और प्रभावी पैरवी बनी सजा की वजह
मामले की विवेचना निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार ने की, वहीं जिला अभियोजन अधिकारी सुरेश कुमार साहू, एडीपीओ विपिन शर्मा और विशेष लोक अभियोजक अनुपम कुमार तिर्की की प्रभावी पैरवी के चलते अभियोजन पक्ष न्यायालय में अपराध सिद्ध करने में सफल रहा। मामले में पीड़िता, गवाहों और ग्रामीणों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
🟠पीड़िता को मिलेगा न्याय के साथ आर्थिक सहयोग
आजीवन कारावास की सजा के साथ न्यायालय ने, पीड़िता को शासन की Victim Compensation Scheme के तहत क्षतिपूर्ति प्रदान करने का आदेश भी दिया हैं,ताकि पीड़िता के पुनर्वास में सहायता मिल सके।
🟠जशपुर पुलिस का संदेश
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर, जशपुर पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही हैं। हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई, वैज्ञानिक अनुसंधान और समयबद्ध अभियोजन के जरिए दोषियों को कठोर सजा दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।












