न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026
जशपुर जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस कार्यालय में,अपराध समीक्षा बैठक लेकर सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में लंबित अपराध, शिकायत, चालान और विवेचना की समीक्षा करते हुए,उन्होंने स्पष्ट कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण विवेचना ही दोषसिद्धि की सबसे बड़ी कुंजी हैं। लापरवाही बरतने वाले विवेचकों पर विभागीय कार्रवाई होगी,जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
🟠अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश
डीआईजी-एसएसपी ने जिलेभर में गौ-तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि NDPS मामलों में केवल आरोपी नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करते हुए End-to-End Investigation सुनिश्चित की जाए।
🟠साइबर अपराधियों पर भी कड़ी नजर
ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने, साइबर हेल्पलाइन और पोर्टल से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा थाना स्तर पर तकनीकी सहायता को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
🟠होटल-लॉज में ठहरने वालों का होगा डिजिटल रिकॉर्ड
सभी होटल, लॉज और अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में, ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक का ‘समाधान ऐप’ के माध्यम से अनिवार्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
🟠CM हेल्पलाइन और पुलिस मितान पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस मितान व्यवस्था को और अधिक सक्रिय बनाकर जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
🟠ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
जिलेभर में बैरिकेड लगाकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। बिना हेलमेट, तीन सवारी, नाबालिग ड्राइविंग, सीट बेल्ट का उल्लंघन, मोबाइल पर बात करते हुए,वाहन चलाना और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।












