न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पिछले 10 दिनों से फरार चल रहे,आरोपी को सरगुजा पुलिस ने आखिरकार बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपी लगातार अपना मोबाइल बंद रखकर ठिकाने बदलता रहा और पुलिस से बचने के लिए राहगीरों के मोबाइल से संपर्क करता था। तकनीकी निगरानी, लगातार ट्रैकिंग और कई राज्यों में दबिश के बाद पुलिस ने,उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
आरोपी की तलाश में पुलिस ने छत्तीसगढ़ के अलावा देवघर, वासुकीनाथ, पुरी और रांची सहित कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। अंततः बिहार पुलिस के सहयोग से पटना में आरोपी तरुण कुमार जायसवाल (51 वर्ष) को हिरासत में लिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली अंबिकापुर में नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हैं। घटना के बाद से वह लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए ₹5 हजार के इनाम की घोषणा भी की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को फ्रीज कराया, ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली और उससे जुड़े संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की। इसी आधार पर उसकी लोकेशन ट्रैक करते हुए,पुलिस पटना तक पहुंची। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अंबिकापुर लाया जा रहा हैं,जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।पुलिस ने आरोपी के नाम पर जारी 12 बोर की लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक (DBBL) और उसका लाइसेंस भी जब्त कर लिया हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी हैं।












