संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,16नवंबर2026
राजधानी रायपुर में बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव को लेकर श्याम भक्तों में उत्साह का माहौल हैं। बाबा के जन्मोत्सव को यादगार और भव्य बनाने के लिए श्री श्याम मासिक एकादशी निशान यात्रा समिति,गुढ़ियारी की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में 20 नवंबर को शहर में बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान बाबा श्याम सज-धज कर अपने प्रिय लील घोड़े पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। वहीं, भव्य रूप से सुसज्जित रथ, ऊंट-घोड़े, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बैंड पार्टी और श्याम भजनों की मधुर धुन यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर 20 नवंबर को सुबह 6:30 बजे गुढ़ियारी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से निशान यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा में बड़ी संख्या में श्याम भक्त हाथों में निशान लेकर शामिल होंगे। पूरे रास्ते बाबा के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तिमय संगीत से वातावरण श्याममय हो जाएगा। आयोजकों द्वारा यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
🟠प्राचीन हनुमान मंदिर से शुरू होकर इन मार्गों से गुजरेगी यात्रा
बाबा खाटू श्याम की निशान यात्रा गुढ़ियारी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से सुबह 6:30 बजे प्रारंभ होगी। यहां से यात्रा नर्मदा पारा, स्टेशन चौक, तेलीबांधा नाका,राठौर चौक, रामसागर पारा और अग्रसेन चौक होते हुए समता कॉलोनी स्थित रायपुर धाम खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी।यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर श्याम भक्तों द्वारा पुष्पवर्षा, जलपान और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालु हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर बाबा के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
🟠तीन भव्य निशान और सुसज्जित रथ रहेंगे विशेष आकर्षण
इस बार की निशान यात्रा में बाबा खाटू श्याम जी, महाकाल शिव शंकर और हनुमान जी के तीन भव्य निशान विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही बाबा श्याम की आकर्षक झांकी, सुसज्जित रथ, ऊंट-घोड़े और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बैंड पार्टी यात्रा की शोभा बढ़ाएगी। बैंड पार्टी की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ बाबा की भक्ति में लीन नजर आएंगे।
🟠56 भोग, इत्र सेवा और रथ श्रृंगार की रहेगी व्यवस्था
श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक और सेवा संबंधी विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। यात्रा में पान भोग, फल भोग, 56 भोग, इत्र सेवा और रथ श्रृंगार सेवा रखी गई हैं। इसके अलावा जगह-जगह पुष्पवर्षा, प्रसाद वितरण और जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन समिति का प्रयास हैं,कि बाबा के जन्मोत्सव पर निकलने वाली यह यात्रा भव्य होने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए यादगार भी बने।
🟠65वीं निशान यात्रा, हर महीने जुड़ते हैं सैकड़ों श्याम भक्त
समिति के अभिषेक अग्रवाल ने बताया,कि यह श्री श्याम मासिक एकादशी निशान यात्रा समिति की 65वीं निशान यात्रा हैं। समिति द्वारा प्रत्येक माह शुक्ल पक्ष की एकादशी को यह धार्मिक यात्रा निकाली जाती हैं। सामान्य तौर पर हर महीने लगभग 500 श्याम प्रेमी इसमें शामिल होते हैं, लेकिन बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष बढ़ोतरी होती हैं। इस बार जन्मोत्सव पर लगभग 1500 से 2000 श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना हैं।उन्होंने बताया,कि निशान यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं को समिति की ओर से व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से आमंत्रित किया जाता हैं। भक्तों से प्राप्त नामों के आधार पर निशान की व्यवस्था पहले से तैयार की जाती हैं, ताकि यात्रा के दिन सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकें।
🟠रायपुर के साथ आसपास के जिलों से भी पहुंचेंगे श्रद्धालु
बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव को लेकर रायपुर के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी भक्तों के बीच खास उत्साह हैं। बसना, सरायपाली, पिथौरा, मंदिर हसौद, अभनपुर, तिल्दा, नेवरा, भिलाई और दुर्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों के श्याम प्रेमी लगातार समिति से संपर्क कर रहे हैं। श्रद्धालु इस भव्य निशान यात्रा में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए उत्साहित हैं।
🟠समिति ने श्याम भक्तों से की विशेष अपील
आयोजक समिति ने सभी श्याम प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में निशान यात्रा में शामिल होने की अपील की हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से यात्रा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने का आग्रह किया हैं।बाबा के जयकारों, भक्ति संगीत, भव्य झांकियों और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच, 20 नवंबर को रायपुर में निकलने वाली यह निशान यात्रा श्याम भक्ति का विशेष नजारा प्रस्तुत करेगी। जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर पूरा शहर बाबा खाटू श्याम की भक्ति के रंग में रंगने की तैयारी में हैं।












