अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,16नवंबर2026
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर बलरामपुर जिले में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सेंदुर नदी बैगा पारा स्थित छठ घाट पहुंचकर छठ महापर्व के आयोजन में सहभागिता निभाई। इस दौरान उन्होंने व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को विधि-विधान से संध्या अर्घ्य अर्पित किया। साथ ही छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा,कि छठ महापर्व हमारी आस्था, तपस्या, संयम और पवित्रता का प्रतीक हैं। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता हैं। सूर्यदेव की उपासना के माध्यम से मानव जीवन में प्रकृति के महत्व और उसके संरक्षण का संदेश भी मिलता हैं ।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, पारिवारिक समर्पण और आपसी सद्भाव का भी प्रतीक हैं। यह पर्व समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ ही सामूहिकता और सहयोग की भावना को मजबूत करता हैं।
🟠सेंदुर नदी घाट पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल
सेंदुर नदी के बैगा पारा स्थित छठ घाट पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक छठ गीतों और सूर्य उपासना के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। व्रतधारी महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्रतधारी महिलाएं, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना में सहभागिता कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।












