अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,15नवंबर2026
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का, शुभारंभ उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। धान खरीदी के पहले दिन किसानों ने स्वयं विधिवत पूजा-अर्चना कर इस प्रक्रिया की शुरुआत की। बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों ने तौल मशीन और बांट की पूजा कर अच्छी फसल और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने किसानों का मुंह मीठा कराया और खरीदी सीजन की शुभकामनाएं दीं।
🟠कलेक्टर ने किसानों का किया सम्मान, पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई खरीदी
धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर बलरामपुर उपार्जन केंद्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने किसान संतन सिंह और संतोष यादव का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए उनका सम्मान किया। इसके बाद किसानों से धान की तौल कर समर्थन मूल्य पर खरीदी की शुरुआत की गई।पहले दिन जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसानों की आवाजाही शुरू हो गई थी। वीरेंद्रनगर, रघुनाथनगर, बरदर, वाड्रफनगर, बसंतपुर, डोंगरो, बरियों, सरना, रामानुजगंज, जमड़ी, त्रिकुंडा, बलंगी और रामनगर सहित कई समितियों में किसानों ने अपना धान बेचा। खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह देखने को मिला।
🟠3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी धान खरीदी
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया,कि शासन के निर्देशानुसार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी की जा रही हैं। उपार्जन केंद्रों में प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान की भर्ती निर्धारित की गई हैं। नए जूट बारदानों का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य रहेगा।उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करें। किसान निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा और सूखा धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचें,जिससे खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य पारदर्शी व्यवस्था के साथ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता हैं।
🟠पहले दिन संतन सिंह ने बेचा 50 क्विंटल धान
धान खरीदी के पहले दिन ओबरी गांव के किसान संतन सिंह ने,लगभग 7 एकड़ में खेती से उत्पादित 50 क्विंटल धान समिति में बेचा। उन्होंने कुल 125 बोरा धान का विक्रय किया। संतन सिंह ने शासन की किसान हितैषी योजनाओं और निर्णयों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा,कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने से उन्हें काफी राहत मिल रही हैं।वहीं जतरो और अलगडीहा क्षेत्र में खेती करने वाले किसान संतोष यादव ने पहले दिन 16 क्विंटल 40 किलोग्राम यानी 41 बोरी धान का विक्रय किया। उन्होंने उपार्जन केंद्र की व्यवस्था को सुगम बताया।
🟠खरीदी केंद्रों में नमी जांच से लेकर तौल तक निर्धारित प्रक्रिया
प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों में पूरी प्रक्रिया को, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। केंद्र पहुंचने पर सबसे पहले किसान का आवक पंजी में पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद किसान अपना धान निर्धारित फड़ में लेकर जाएंगे। यहां किसान अथवा उनके पंजीकृत नॉमिनी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।सत्यापन पूरा होने के बाद धान को निर्धारित स्थान पर खाली कराया जाएगा। इसके बाद मॉइस्चर मीटर के माध्यम से धान में नमी की जांच होगी। निर्धारित मानक के अनुसार धान में अधिकतम 17 प्रतिशत तक नमी मान्य होगी। गुणवत्ता परीक्षण के बाद हमालों द्वारा नए एवं पुराने बारदानों में धान की भराई, तौल और सिलाई की जाएगी। अंत में भरे हुए बारदानों की सुरक्षित तरीके से स्टैकिंग की जाएगी।
🟠कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
खरीदी प्रक्रिया के शुभारंभ के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने टोकन, बारदाना, फड़ मुंशी, धान खरीदी, धान उठाव, रिजेक्ट, स्टॉक और निरीक्षण पंजी का अवलोकन किया। साथ ही हमालों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने के लिए हमाल रजिस्टर में नियमित रूप से एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएं।धान खरीदी के पहले दिन किसानों के उत्साह और उपार्जन केंद्रों में दिखाई दी चहल-पहल ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की शुरुआत को खास बना दिया। प्रशासन का लक्ष्य हैं,कि पूरे खरीदी सीजन में किसानों की उपज का पारदर्शी तरीके से उपार्जन हो और उन्हें समय पर अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।












