संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,14नवंबर2026
इतिहास के पन्नों में कुछ ऐसे महानायक दर्ज हैं,जिनका जीवन भले ही छोटा रहा हो,लेकिन उनके संघर्ष और विचारों ने सदियों तक समाज को दिशा दी हैं। भगवान बिरसा मुंडा ऐसे ही महान क्रांतिकारी थे,जिन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका। उन्होंने उस दौर में शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई,जब आदिवासियों की जमीन, परंपराओं और सामाजिक पहचान पर लगातार संकट मंडरा रहा था। जनजातीय समाज के बीच ‘धरती आबा’ के नाम से पूजनीय बिरसा मुंडा का जीवन आज भी साहस, एकता और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता हैं।15 नवंबर को उनकी जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती हैं। वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया,ताकि देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को उचित सम्मान मिल सके।
🟠संघर्ष की धरती से उठी आदिवासी चेतना की आवाज
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातु गांव में हुआ था। साधारण परिवार में जन्मे बिरसा ने बचपन से ही आदिवासी समाज की समस्याओं को करीब से देखा। ब्रिटिश शासन की शोषणकारी नीतियों, जमींदारों और साहूकारों के अत्याचारों के कारण आदिवासी परिवार अपनी पारंपरिक जमीन और अधिकार खो रहे थे। बेगारी, आर्थिक शोषण और सामाजिक हस्तक्षेप ने उनके जीवन को कठिन बना दिया था। इन परिस्थितियों ने बिरसा मुंडा के भीतर अपने समाज को अन्याय से मुक्त कराने का संकल्प मजबूत किया।
🟠समाज सुधार से शुरू हुई बदलाव की बड़ी पहल
बिरसा मुंडा का व्यक्तित्व केवल एक क्रांतिकारी तक सीमित नहीं था। वे समाज सुधारक और जनचेतना के प्रेरक भी थे। उन्होंने आदिवासी समाज में व्याप्त नशाखोरी, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। स्वच्छता, नैतिकता, सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों को अपनी पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उनके विचारों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग उनके अनुयायी बने और वे जनजातीय समाज के लोकप्रिय जननायक बन गए।
🟠उलगुलान आंदोलन ने अंग्रेजी सत्ता को दी खुली चुनौती
बिरसा मुंडा के नेतृत्व में वर्ष 1899-1900 के दौरान उलगुलान आंदोलन ने व्यापक रूप लिया। मुंडारी भाषा में उलगुलान का अर्थ महान विद्रोह या बड़ी उथल-पुथल हैं। यह आंदोलन आदिवासियों की जमीन पर कब्जे, शोषणकारी भू-राजस्व व्यवस्था और पारंपरिक अधिकारों के हनन के विरुद्ध था।बिरसा मुंडा ने ‘अबुआ राज एते जाना, महारानी राज टुंडू जाना’ का उद्घोष कर आदिवासी समाज में स्वशासन की चेतना जगाई। डोम्बारी बुरु पहाड़ी इस आंदोलन का महत्वपूर्ण केंद्र बनी। जनवरी 1900 में ब्रिटिश सेना ने यहां आंदोलनकारियों पर गोलीबारी की, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासियों ने अपने प्राण गंवाए। यह घटना आदिवासी संघर्ष के इतिहास में दर्दनाक और महत्वपूर्ण अध्याय बन गई।
🟠अल्पायु में शहादत, संघर्ष की विरासत हमेशा के लिए अमर
बिरसा मुंडा को वर्ष 1895 में ब्रिटिश शासन ने गिरफ्तार कर दो वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। रिहाई के बाद उन्होंने फिर से आदिवासी समाज को संगठित किया और आंदोलन को आगे बढ़ाया। 3 मार्च 1900 को उन्हें जामकोपाई जंगल से गिरफ्तार किया गया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया। उस समय उनकी आयु लगभग 25 वर्ष थी।उनके संघर्ष ने आदिवासी भूमि अधिकारों के सवाल को व्यापक पहचान दिलाई। आगे चलकर छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 के माध्यम से आदिवासी जमीन के हस्तांतरण पर महत्वपूर्ण कानूनी प्रतिबंध लगाए गए।
🟠जनजातीय गौरव और स्वाभिमान के अमर प्रतीक हैं बिरसा मुंडा
आज भगवान बिरसा मुंडा केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं,बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता, अधिकार और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं। उनका जीवन संदेश देता हैं,कि अपनी मातृभूमि, परंपरा और पहचान की रक्षा के लिए साहस और एकता के साथ खड़ा होना ही सच्चा स्वाभिमान हैं।उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, समाज को संगठित करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का नाम भारतीय इतिहास में सदैव सम्मान और गौरव के साथ लिया जाता रहेगा। उनकी जयंती पर इस महान क्रांतिकारी को शत-शत नमन।












