बलरामपुर में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार,पहले ही दिन 6,584 क्विंटल की खरीदी; पिछले साल से 20 गुना ज्यादा धान पहुंचा

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,16नवंबर2026

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत बलरामपुर जिले में उत्साहजनक रही। खरीदी के पहले ही दिन जिले के उपार्जन केंद्रों में किसानों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। 15 नवंबर को जिले के कुल 54 उपार्जन केंद्रों में से 37 केंद्रों पर 6,584 क्विंटल धान की खरीदी की गई। खास बात यह रही कि पिछले वर्ष खरीदी के पहले दिन जहां केवल 332.4 क्विंटल धान खरीदा गया था,वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 6,584 क्विंटल पहुंच गया। इस तरह पहले दिन की खरीदी पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक रही।धान खरीदी के शुरुआती आंकड़े किसानों के उत्साह और उपार्जन केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं को दर्शाते हैं। खरीदी के पहले दिन ही बड़ी मात्रा में धान की आवक होने से जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया ने अच्छी शुरुआत की हैं।🟠वीरेंद्रनगर केंद्र में सबसे ज्यादा धान की खरीदी

जिले में पहले दिन हुई खरीदी में वीरेंद्रनगर उपार्जन केंद्र सबसे आगे रहा। यहां सर्वाधिक 597.2 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इसके बाद भंवरमाल केंद्र में 528 क्विंटल, महराजगंज में 439.2 क्विंटल, विजयनगर में 427.6 क्विंटल, त्रिकुंडा में 376 क्विंटल और बसंतपुर केंद्र में 355.2 क्विंटल धान खरीदा गया।इसके अलावा रामनगर, रामानुजगंज, पचावल, महावीरगंज, कामेश्वरनगर, रघुनाथनगर, डुमरपान, सरना और डिण्डों उपार्जन केंद्रों में भी 200 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी दर्ज की गई। पहले दिन ही इन केंद्रों में अच्छी आवक देखने को मिली।🟠नए उपार्जन केंद्रों में भी पहले दिन से शुरू हुई खरीदी

इस वर्ष शुरू किए गए नए उपार्जन केंद्रों में भी धान खरीदी की प्रक्रिया पहले दिन से प्रारंभ हो गई। इनमें पचावल केंद्र में 241.6 क्विंटल, चेरा में 88.4 क्विंटल, लिलौटी में 56 क्विंटल और रामचंद्रपुर केंद्र में 24.8 क्विंटल धान की खरीदी की गई। नए केंद्रों में खरीदी शुरू होने से किसानों को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही धान बेचने की सुविधा मिल रही हैं।🟠नमी से लेकर गुणवत्ता तक,निर्धारित मापदंडों पर हो रही धान की जांच

उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन किया जा रहा हैं। प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की भर्ती की जा रही हैं। वहीं नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य किया गया हैं।धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत निर्धारित हैं। इसकी जांच मॉइस्चर मीटर के माध्यम से की जा रही हैं। इसके अलावा धान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्षतिग्रस्त, बदरंग, अंकुरित और घुने हुए दानों की मात्रा अधिकतम 5 प्रतिशत, अपरिपक्व एवं सिकुड़े दानों की मात्रा 3 प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के धान का मिश्रण अधिकतम 6 प्रतिशत तक ही स्वीकार्य हैं।🟠3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी

जिला प्रशासन के अनुसार किसानों से समर्थन मूल्य पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा हैं। एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही हैं। किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान बेचने के लिए ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करना होगा।🟠प्रशासन ने किसानों से की साफ और सूखा धान लाने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की हैं,कि वे धान बेचने के लिए ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें और निर्धारित तिथि पर ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। किसानों से साफ-सुथरा एवं सूखा धान लाने का आग्रह किया गया हैं,ताकि खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बलरामपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी की शुरुआत उत्साहजनक रही हैं। पहले ही दिन पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक धान की खरीदी होना इस सीजन के शुरुआती आंकड़ों में प्रमुख उपलब्धि के रूप में सामने आया हैं। अब आगामी दिनों में खरीदी केंद्रों पर धान की आवक और बढ़ने की संभावना हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें