न्यूज डेस्क,बचवार,छत्तीसगढ़,18नवंबर2026
देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के सम्मान में,18 नवंबर को बचवार स्थित लक्ष्य शिक्षण संस्थान में रेजांगला शहीद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं,प्रशिक्षकों और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने वीर शहीदों को याद करते हुए,उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद जवानों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके बाद संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव और प्रशिक्षकों ने युवाओं को 18 नवंबर 1962 के ऐतिहासिक रेजांगला युद्ध की वीरगाथा सुनाई। उन्होंने बताया,कि लद्दाख की लगभग 16 हजार फीट ऊंची बर्फीली पहाड़ी पर भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 120 जवानों ने मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में अदम्य साहस और वीरता के साथ दुश्मन सेना का सामना किया था। इस युद्ध में 114 भारतीय जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। बेहद कठिन परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों ने जिस साहस और बहादुरी का परिचय दिया, वह आज भी देश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।
🟠परेड और फिटनेस अभ्यास के जरिए शहीदों को दी सलामी
रेजांगला के वीर जवानों को याद करते हुए,लक्ष्य शिक्षण संस्थान में अग्निवीर भर्ती के लिए शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने सुबह परेड, दौड़ और फिटनेस अभ्यास किया। युवाओं ने अपने अनुशासन और मेहनत के माध्यम से शहीदों को सलामी दी। वहीं, संस्थान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के बलिदान को नमन किया। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी और अपने भाषणों के माध्यम से शहीदों के साहस, त्याग और देशप्रेम को याद किया।
🟠युवाओं में देश सेवा की भावना जगाना संस्थान का उद्देश्य : सुदर्शन यादव
इस अवसर पर संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने कहा कि रेजांगला युद्ध के वीर जवानों का साहस और उनका ‘आखिरी आदमी, आखिरी गोली’ का जज्बा आज भी देश के युवाओं को प्रेरित करता हैं। उन्होंने कहा,कि देश की सेवा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि गर्व और सम्मान का विषय हैं। लक्ष्य शिक्षण संस्थान का उद्देश्य युवाओं को केवल शारीरिक प्रशिक्षण देना और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना ही नहीं, बल्कि उनके भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना भी हैं।उन्होंने युवाओं से वीर जवानों के जीवन से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
🟠देश सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने देश की रक्षा,समाज सेवा और राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। इस दौरान संस्थान के प्रशिक्षक, स्टाफ सदस्य, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के स्टाफ द्वारा किया गया।रेजांगला के वीरों का बलिदान आज भी यह संदेश देता हैं,कि देश की रक्षा और सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं हैं।












